Parag Tyagi TV return:
मुंबई, एजेंसियां। टीवी अभिनेता पराग त्यागी एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। पत्नी और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के निधन के करीब सात महीने बाद पराग ने अपने करियर की नई शुरुआत का ऐलान किया है। शेफाली का 27 जून 2025 को कार्डियक अरेस्ट के कारण 42 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था, जिससे पराग पूरी तरह टूट गए थे।
अध्यात्म बना सहारा, मुश्किल दौर से निकले बाहर
पत्नी को खोने के बाद पराग ने खुद को संभालने में लंबा वक्त लिया। उन्होंने पहले भी स्वीकार किया था कि इस कठिन समय में अध्यात्म और साधना ने उन्हें मानसिक मजबूती दी। हाल ही में वे बिग बॉस फेम पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में नजर आए थे, जहां उन्होंने अपने संघर्ष और आत्मिक सफर के बारे में खुलकर बात की थी।
‘महाराज’ के किरदार में दिखे पराग
अब पराग त्यागी ने अपने कमबैक शो ‘चंदन बाला’ का प्रोमो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में वे एक महाराज के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। प्रोमो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “जल्द आ रहा है चंदन बाला”। उनकी गंभीर और प्रभावशाली झलक ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
फैंस ने दिया भावनात्मक समर्थन
पराग के कमबैक पर सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। कई यूजर्स ने उन्हें “ऑल द बेस्ट” कहा, तो कुछ ने लिखा कि उन्हें फिर से स्क्रीन पर देखकर खुशी हो रही है। एक फैन ने भावुक अंदाज में लिखा कि पराग की एक्टिंग जारी रहनी चाहिए, यही शेफाली के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
टीवी से फिल्मों तक का सफर
पराग त्यागी को पहचान टीवी सीरियल ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली थी। इसके बाद वे जोधा अकबर, शक्ति, ब्रह्मराक्षस जैसे चर्चित शोज में नजर आए। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने ए वेडनेसडे, सरकार 3 और अज्ञातवासी जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
नई शुरुआत की ओर कदम
भावनात्मक नुकसान के बाद पराग त्यागी की यह वापसी उनके फैंस के लिए खास है। ‘चंदन बाला’ के साथ वे एक बार फिर दर्शकों के दिलों में जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।












