Odisha disabled school abuse: ओडिशा के दिव्यांग स्कूल में छात्राओं से शारीरिक शोषण, इशारों से बताई बच्चों ने बात

2 Min Read

Odisha disabled school abuse:

भुवनेश्वर, एजेंसियां। ओडिशा के कालाहांडी जिले में स्थित रेड क्रॉस स्कूल फॉर द ब्लाइंड, डेफ एंड म्यूट में नाबालिग छात्राओं के साथ कथित शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्चों ने बोलने में असमर्थ होने के कारण इशारों और हाथ से लिखे नोट्स के जरिए अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद यह मामला उजागर हुआ।

स्कूल के वार्डन पर आरोप

आरोप है कि स्कूल के वार्डन संध्या दर्शन महापात्रा ने नाबालिग छात्राओं को गलत तरीके से छुआ और विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित किया। कुछ छात्रों ने यह भी बताया कि शिकायत करने की कोशिश करने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और मानसिक व शारीरिक यातनाएं दी गईं।

यह स्कूल जिला मुख्यालय के पास स्थित है, जिससे प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले के सामने आते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आई है। अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में रोष है। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्कूलों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share This Article