NIA recruitment 2026: NIA में निकली बंपर भर्ती, 21 फरवरी तक करें आवेदन

2 Min Read

NIA recruitment 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की प्रमुख जांच एजेंसी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के लिए है जो पहले से राज्य पुलिस, केंद्र शासित प्रदेश पुलिस या केंद्रीय सुरक्षा बलों में कार्यरत हैं और जांच या इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। इस अभियान के तहत कुल 88 पदों को भरा जाएगा।

जारी जानकारी के अनुसार भर्ती में 38 इंस्पेक्टर, 27 सब-इंस्पेक्टर, 11 असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और 12 हेड कॉन्स्टेबल के पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया 7 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और 21 फरवरी 2026 तक आवेदन जमा किए जा सकते हैं। चयन पूरी तरह डेप्युटेशन आधार पर किया जाएगा।

योग्यता और अनुभव

इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए उम्मीदवार का संबंधित पुलिस या सुरक्षा बल में निर्धारित लेवल पर अनुभव होना जरूरी है। साथ ही ग्रेजुएशन की डिग्री और क्रिमिनल जांच, इंटेलिजेंस या आतंकवाद विरोधी कार्य से जुड़ा अनुभव अनिवार्य है। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के लिए हेड कॉन्स्टेबल पद पर अनुभव और ग्रेजुएशन जरूरी है, जबकि हेड कॉन्स्टेबल पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है।

वेतन और आयु सीमा

अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष तय की गई है। वेतनमान पद के अनुसार अलग-अलग है। इंस्पेक्टर को 44,900 से 1,42,400 रुपये, सब-इंस्पेक्टर को 35,400 से 1,12,400 रुपये, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को 29,200 से 92,300 रुपये और हेड कॉन्स्टेबल को 25,500 से 81,700 रुपये तक वेतन मिलेगा।

आवेदन प्रक्रिया

आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को NIA की आधिकारिक वेबसाइट से नोटिफिकेशन और बायोडाटा फॉर्म डाउनलोड कर उसे सही तरीके से भरना होगा। संबंधित विभाग से सत्यापन कराने के बाद सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन स्पीड पोस्ट के जरिए NIA मुख्यालय, लोधी रोड, नई दिल्ली भेजना होगा।

यह भर्ती सुरक्षा और जांच क्षेत्र में करियर बनाने वाले कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Share This Article