New Delhi Railway Station Stampede:
नई दिल्ली, एजेंसियां। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी 2025 को हुई भगदड़ की घटना को लेकर अब बड़ी जानकारी सामने आई है। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। अब एक हाई लेवल जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में हादसे की असली वजह का खुलासा किया है।
क्या कहती है जांच रिपोर्ट?
रेल मंत्री ने बताया कि भगदड़ की शुरुआत एक यात्री के सिर से भारी सामान गिरने के कारण हुई थी। जैसे ही यह हादसा हुआ, फुट ओवर ब्रिज-3 की सीढ़ियों पर मौजूद लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। इसी अफरा-तफरी ने कुछ ही पलों में भगदड़ का रूप ले लिया, जिससे कई लोग दब गए।
हादसा कहां हुआ?
रिपोर्ट के अनुसार यह भगदड़ रात करीब 8:48 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज की सीढ़ियों पर हुई। उस समय स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के लिए हजारों श्रद्धालु जुटे हुए थे, जो भारी सामान लेकर सफर कर रहे थे।
कैसे बिगड़े हालात?
श्रद्धालु अपने सिर पर बड़ा-बड़ा सामान रखे हुए थे, जिससे सीढ़ियों पर आवाजाही बाधित हो रही थी। जब एक यात्री का सामान गिरा, तो लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और कुछ ही देर में भगदड़ मच गई। रिपोर्ट में कहा गया कि भगदड़ सिर्फ उसी ब्रिज तक सीमित रही, जिससे और बड़ा हादसा टल गया।
यह रिपोर्ट रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक सावधानी भरा सबक भी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
इसे भी पढ़ें
Railways: रेलवे के खिलाफ रांची के कर्नल के पक्ष में आयोग ने सुनाया बड़ा फैसला








