NEET UG 2026 Application:
नई दिल्ली, एजेंसियां। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। एजेंसी ने परीक्षा शहर और परीक्षा की भाषा चुनने की प्रक्रिया को समझाने के लिए एक नया वीडियो जारी किया है। यह वीडियो खास तौर पर उन छात्रों के लिए उपयोगी है, जिन्हें आवेदन फॉर्म भरते समय इन विकल्पों को लेकर भ्रम रहता है।
वीडियो में अपने क्या खास?
NEET UG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक छात्र 8 मार्च 2026 रात 9 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। ऐसे में NTA का यह वीडियो छात्रों को आवेदन प्रक्रिया को सही तरीके से समझने में मदद करेगा। वीडियो में बताया गया है कि परीक्षा शहर का चयन कैसे किया जाए और परीक्षा की भाषा चुनते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।NTA ने यह वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “NTA Exams” के माध्यम से साझा किया है। एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि वे आवेदन फॉर्म भरने से पहले इस वीडियो को ध्यान से देखें, ताकि किसी प्रकार की गलती न हो।
वीडियो में NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर का आवंटन उम्मीदवार द्वारा आवेदन फॉर्म में दिए गए वर्तमान और स्थायी पते के आधार पर किया जाएगा। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने पते की जानकारी सावधानीपूर्वक और सही तरीके से भरें। गलत जानकारी देने पर परीक्षा केंद्र से जुड़ी समस्या हो सकती है।
भाषा के चयन को लेकर भी जारी किया वीडियो
परीक्षा की भाषा के चयन को लेकर भी वीडियो में विस्तृत जानकारी दी गई है। NEET UG परीक्षा कई भाषाओं में आयोजित होती है और छात्र अपनी सुविधा के अनुसार भाषा चुन सकते हैं। हालांकि, भाषा का विकल्प भी आवेदन फॉर्म में दी गई जानकारी पर निर्भर करेगा।NTA का कहना है कि इस तरह के वीडियो छात्रों के सामान्य सवालों का समाधान करने और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षा से पहले किसी प्रकार की परेशानी न हो।















