Navjot Kaur statement news: नवजोत कौर का अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर तीखा हमला, कहा- मानसिक रूप से अस्थिर हैं

3 Min Read

चंडीगढ़, एजेंसियां। कांग्रेस छोड़ने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू लगातार पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर हमलावर हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वड़िंग को मानसिक रूप से अस्थिर बताते हुए इलाज की जरूरत तक बता डाली है।

सोशल मीडिया पोस्ट से मचा सियासी घमासान

नवजोत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा, “मैं डॉक्टर हूं और जानती हूं कि आप मानसिक रूप से अस्थिर हैं। आपने यह बात एक-दो बार नहीं बल्कि सौ बार साबित की है।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि वड़िंग के कथित भ्रष्टाचार की वजह से मुख्यमंत्री भगवंत मान उन्हें अपनी मर्जी से चला रहे हैं और पूरा पंजाब उनका “कॉमेडी शो” देख रहा है।

‘कांग्रेस पार्टी के लिए शर्म’

नवजोत कौर ने राजा वड़िंग पर कांग्रेस को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वड़िंग ने पार्टी के भीतर कई गुट बना दिए हैं और एक ही सीट पर 3–4 लोगों को टिकट का वादा कर आपसी संघर्ष को बढ़ावा दिया। उनके मुताबिक यह सब कांग्रेस को पंजाब में बर्बाद करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि वड़िंग कांग्रेस पार्टी के लिए शर्म हैं।

कांग्रेस से हाल ही में दिया इस्तीफा

गौरतलब है कि नवजोत कौर ने दो दिन पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। हालांकि वह पहले से ही पार्टी से निलंबित चल रही थीं। मुख्यमंत्री बनने के लिए 500 करोड़ रुपये वाले विवादित बयान के बाद उन्हें करीब दो महीने पहले सस्पेंड किया गया था। इस्तीफे में भी उन्होंने राजा वड़िंग को अक्षम और भ्रष्ट बताया था।

आगे क्या होगा नवजोत कौर का सियासी कदम?

नवजोत कौर ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बीजेपी से की थी और हाल के दिनों में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करती नजर आ रही हैं। उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू इस पूरे विवाद पर अब तक चुप हैं। अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में नवजोत कौर के अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Share This Article