Mumbai metro pillar accident:
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उत्तर-पूर्वी इलाके मुलुंड में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मेट्रो पिलर का हिस्सा टूटकर नीचे खड़े एक ऑटो रिक्शा पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:20 बजे एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने हुई। पिलर से टूटकर गिरा कंक्रीट स्लैब सीधे ऑटो रिक्शा पर गिरा, जिससे ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचना दी।
अधिकारियों के अनुसार
दमकल विभाग, पुलिस और मेट्रो निर्माण कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के आदेश भी दिए हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
एमएमआरडीए जांच के लिए उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है
इस बीच मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मेट्रो लाइन-4 परियोजना के निर्माण स्थल पर हुए इस हादसे की जांच के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। निदेशक (मेट्रो पीआईयू) बसवराज एम. भद्रगोंड की अध्यक्षता में गठित यह समिति पियर-196 के पास पैरापेट ढहने की घटना की विस्तृत जांच करेगी।







