Mumbai new mayor
मुंबई, एजेंसियां। मुंबई नगर निगम (BMC) में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम लगभग तय हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने रीतू तावड़े को मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है, जबकि शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की ओर से संजय घाड़ी डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन भरेंगे। अब इस प्रक्रिया की औपचारिकताएं पूरी की जानी बाकी हैं।बीएमसी में पहली बार बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। मेयर के नाम के ऐलान से पहले बीएमसी स्थित बीजेपी कार्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद भी किया गया।
कौन हैं रीतू तावड़े?
रीतू तावड़े घाटकोपर क्षेत्र से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। रीतू तावड़े को जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता माना जाता है। नागरिक समस्याओं को सुलझाने में उनकी सक्रिय भूमिका और संगठनात्मक पकड़ ने उन्हें पार्टी में मजबूत पहचान दिलाई है। मराठा समुदाय से आने के बावजूद उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में मजबूत राजनीतिक आधार बनाया है।उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी और तब से लगातार पार्टी में उनका कद बढ़ता गया।
चुनावी गणित और आरक्षण
मुंबई नगर निगम चुनाव 15 जनवरी 2026 को हुए थे, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला। बीजेपी लगभग 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं।227 सदस्यीय बीएमसी सदन में बहुमत के लिए 114 सीटों की जरूरत होती है और महायुति के पास 118 से अधिक सीटें हैं।इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। लॉटरी प्रक्रिया में रीतू तावड़े का नाम सामने आया, जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार घोषित किया।
चार साल बाद होगा मेयर चुनाव
बीएमसी में आखिरी बार 2017 में मेयर का चुनाव हुआ था। इसके बाद पिछले चार वर्षों से यहां प्रशासक शासन लागू था और मेयर का पद खाली था। अब चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से शहर को नया महापौर मिलने जा रहा है। महापौर पद पर रीतू तावड़े की नियुक्ति के साथ ही बीएमसी में सत्ता संतुलन स्पष्ट रूप से महायुति गठबंधन के पक्ष में दिखाई दे रहा है।







