Mother Dairy milk:
नई दिल्ली, एजेंसियां। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की हालिया घोषणा के बाद 22 सितंबर से जीएसटी के नए स्लैब लागू हो जाएंगे। इसी के तहत मदर डेयरी ने दूध, घी, बटर, पनीर, मिल्कशेक और आइसक्रीम समेत 150 से ज्यादा प्रोडक्ट्स की कीमतों में कटौती का फैसला किया है। कंपनी ने साफ किया कि पुराने स्टॉक को भी नई कम दरों पर ही बेचा जाएगा।
कितना सस्ता होगा सामान
मदर डेयरी के एमडी मनीष बंदलिश ने बताया कि UHT दूध का 1 लीटर पैक ₹2 सस्ता होगा, जबकि 1 किलो घी का पैक ₹30 तक सस्ता मिलेगा। इसी तरह पनीर, बटर, चीज़ और आइसक्रीम जैसे उत्पाद ₹1 से लेकर ₹30 तक कम कीमत पर मिलेंगे। नई दरें दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के 5 लाख आउटलेट्स पर लागू होंगी।
पुराने माल पर भी नई दरें
कंपनी ने सभी डीलरों और आउटलेट्स को निर्देश दिया है कि 22 सितंबर से इन्वेंट्री में उपलब्ध पुराने पैकेट्स पर भी नए रेट का स्टिकर लगाना होगा और उन्हें कम कीमत पर ही बेचना अनिवार्य होगा।
उदाहरण के तौर पर:
• 1 लीटर UHT दूध अब ₹75 में मिलेगा (पहले ₹77)।
• 500 ग्राम मक्खन ₹285 में (पहले ₹305)।
• 200 ग्राम पनीर ₹92 में (पहले ₹95)।
• 1 लीटर आइसक्रीम टब ₹300 में (पहले ₹330)।
इस कदम से उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर सीधा फायदा मिलेगा और महंगाई के दबाव में राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें
अमूल के बाद मदर डेयरी ने दिया अब महंगाई का झटका, ये हैं नई कीमतें








