Udaipur Files:
मुंबई, एजेंसियां। राजस्थान के बहुचर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ की रिलीज से पहले विवाद गहराता जा रहा है। ऐसे में फिल्म के निर्माता अमित जानी ने सोमवार, 4 अगस्त 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस ‘क्लोज डोर मीटिंग’ में फिल्म की रिलीज को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अमित जानी ने बताया
अमित जानी ने बताया कि यह दूसरी बार है जब उन्हें सरकार की ओर से बैठक के लिए बुलाया गया है। इससे पहले भी वे तब मिले थे जब मौलाना अरशद मदनी और मोहम्मद जावेद ने फिल्म के खिलाफ याचिकाएं दायर की थीं। निर्माता ने भरोसा जताया कि सरकार कोई सकारात्मक फैसला लेगी जिससे फिल्म 8 अगस्त 2025 को तय तारीख पर रिलीज हो सके।
सरकार ने पहले दिए आदेश पर फिर से विचार करने का भरोसा दिया
फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ में पहले 6 कट लगाने की सिफारिश की गई थी, जिसे अब सरकार ने वापस ले लिया है। सरकार ने कहा है कि संबंधित पक्षों की नए सिरे से सुनवाई की जाएगी और फिर एक संशोधित आदेश जारी किया जाएगा। यह फैसला सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 6 के तहत लिया गया है, जिसके तहत सरकार सेंसर बोर्ड के प्रमाणन को निरस्त कर सकती है।
निर्माता ने जताया सहयोग का भरोसा
अमित जानी ने कहा, “हम सरकार के निर्देशों के अनुसार काम करने को तैयार हैं। हमने पहले सुझाए गए कट जोड़ दिए थे, हमें कोई समस्या नहीं थी। हमारी टीम पूरी तरह सहयोग करने को तैयार है।”
अब देखना होगा कि सरकार फिल्म की रिलीज को लेकर क्या अंतिम निर्णय लेती है और क्या ‘उदयपुर फाइल्स’ तय तारीख पर सिनेमाघरों में पहुंच पाती है या नहीं।
इसे भी पढ़ें
Udaipur Files: ‘उदयपुर फाइल्स’ पर बवाल: मौलाना अरशद मदनी ने I&B मंत्रालय में दाखिल की अपील
