Woman dies under pressure: वेश्यावृत्ति के दबाव में आकर शादीशुदा महिला ने की आत्महत्या

2 Min Read

Woman dies under pressure

बैंगलुरु, एजेंसियां। कर्नाटक के बीदर जिले से एक बेहद शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर वेश्यावृत्ति में धकेले जाने के दबाव में एक शादीशुदा महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में पति और सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना बसव कल्याण थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार दोपहर 25 वर्षीय अंजनबाई शेखर पाटिल ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के पिता विजय कुमार की शिकायत पर महिला के पति शेखर पाटिल, सास अरुणाबाई और ससुर चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पिता का आरोप मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी बेटी

विजय कुमार ने बताया कि अंजनबाई की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। पति पानीपुरी का व्यवसाय करता था और देर रात घर लौटता था। इस बात को लेकर दंपती में विवाद होता रहता था। आरोप है कि सास-ससुर भी अंजनबाई को लगातार ताने देते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

सास पर वेश्यावृत्ति में धकेलने का गंभीर आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि अंजनबाई ने फोन पर अपने पिता को बताया था कि उसकी सास एक अवैध गतिविधि में शामिल है और उस पर भी वेश्यावृत्ति में उतरने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी मानसिक तनाव के चलते महिला ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share This Article