Yuva Sathi Yojana: बेरोजगार युवाओं के लिए ममता सरकार की नई पहल, ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना’ के बाद ‘युवा साथी योजना’ शुरू

3 Min Read

Yuva Sathi Yojana

कोलकाता, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार ने ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के पांच साल बाद बेरोजगार युवाओं के लिए नई पहल करते हुए ‘युवा साथी योजना’ शुरू की है। योजना की घोषणा के साथ ही राज्य के कई जिलों में आवेदन करने के लिए युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कर रहे हैं।राज्य सरकार के अनुसार, यह योजना 21 से 40 वर्ष तक के बेरोजगार युवाओं के लिए शुरू की गई है। पात्र युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का अनुमान है कि लगभग 27.8 लाख युवा इस योजना से लाभान्वित होंगे।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन

आवेदन प्रक्रिया रविवार से शुरू हो चुकी है। शुरुआत में विभिन्न जिलों में लंबी कतारें लगने के बाद सरकार ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी शुरू कर दी है। अब आवेदक ‘आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ पोर्टल के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से फॉर्म भर सकते हैं।आवेदन के लिए माध्यमिक परीक्षा से संबंधित दस्तावेज, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसकी प्रति डाउनलोड कर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

बजट में किया गया 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान

इस योजना की घोषणा हाल ही में राज्य के 2026–27 के वोट-ऑन-अकाउंट बजट में की गई थी। इसके लिए लगभग 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। पहले योजना के तहत भुगतान 15 अगस्त से शुरू होने की बात कही गई थी, लेकिन अब इसे 1 अप्रैल से लागू करने का निर्णय लिया गया है। राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखे हुए है। उन्होंने केंद्र सरकार पर बकाया राशि रोकने का आरोप भी लगाया।

चुनाव से पहले बेरोजगारी पर सियासत तेज

युवा साथी योजना ऐसे समय में शुरू की गई है जब राज्य में बेरोजगारी का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बनता जा रहा है। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने संकेत दिया है कि नरेंद्र मोदी मार्च में कोलकाता में रैली कर सकते हैं, जिसमें बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा हो सकता है।

Share This Article