Mahua Moitra:
कोलकाता, एजेंसियां। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दो कद्दावर नेताओं—महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी—के बीच चल रहा विवाद अब पार्टी के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। यह विवाद अब सार्वजनिक मंच पर आरोप-प्रत्यारोप, तंज और व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंच चुका है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कल्याण बनर्जी ने हाल ही में देश से माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने एक बार संसद में महुआ मोइत्रा का समर्थन करके गलती की थी।
क्या है विवाद की जड़?
विवाद की शुरुआत अप्रैल 2025 में हुई जब इलेक्शन कमिशन को ज्ञापन देने के मुद्दे पर कल्याण बनर्जी की पार्टी के ही सांसद कीर्ति आजाद से झड़प हो गई थी। उस दौरान एक वॉट्सऐप चैट वायरल हुई, जिसमें कल्याण ने परोक्ष रूप से महुआ को ‘इंटरनेशनल लेडी’ कहकर तंज कसा और उनकी निजी जिंदगी पर भी टिप्पणी की थी। इसके बाद कल्याण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महुआ पर यह आरोप लगाया कि वो संसद में बोलने के अधिक समय के लिए दबाव बनाती हैं।
अब क्यों माफी मांगनी पड़ी?
हाल में कल्याण बनर्जी ने संसद में महुआ का एक बार समर्थन करने के लिए सार्वजनिक रूप से देश से माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि उन्हें पछतावा है कि उन्होंने कभी उनका पक्ष लिया। वहीं, महुआ ने भी पलटवार करते हुए कल्याण की लोकसभा में टीएमसी सचेतक पद से हटने पर नए नेता काकोली घोष दस्तीदार को बधाई दी और कल्याण पर तंज कस डाला।
ममता बनर्जी का दखल भी बेअसर
पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों नेताओं के तीखे बयानों से विवाद खत्म नहीं हो पाया है। यह लड़ाई अब सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत होती जा रही है, जो टीएमसी की छवि और अंदरूनी एकता पर सवाल खड़ा कर रही है।
फिलहाल, पार्टी दोनों नेताओं को शांत करने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह देखना बाकी है कि यह सुलह का रास्ता लेगा या और बिगड़ेगा।
इसे भी पढ़ें
सीबीआई ने तृणमूल की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा के परिसरों की तलाशी ली : अधिकारी








