Bamboo Summit:
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 18 और 19 सितंबर को ऐतिहासिक बैंबू समिट (Bamboo Summit) आयोजित होने जा रहा है। इस सम्मेलन में बांस आधारित उद्योगों, पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी से जुड़े विषयों पर गहन चर्चा होगी। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे इसमें हिस्सा लेंगे। इस शिखर सम्मेलन में 20 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (MoUs) पर हस्ताक्षर होने जा रहे हैं।
Bamboo Summit: महाराष्ट्र बना पहला राज्य
इस समिट का आयोजन फीनिक्स फाउंडेशन (लोधगा, लातूर) और महाराष्ट्र सरकार के थिंक टैंक MITRA (Maharashtra Institution for Transformation) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। महाराष्ट्र इस तरह का सम्मेलन आयोजित करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
Bamboo Summit: पर्यावरण और उद्योग दोनों के लिए अहम
राज्य कृषि मूल्य आयोग के चेयरमैन पाशा पटेल ने बताया कि समिट में देश-विदेश के विशेषज्ञ, रिसर्चर, वैज्ञानिक, किसान और पॉलिसी मेकर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बांस को ‘कल्पवृक्ष’ कहा जाता है क्योंकि यह कार्बन सोखने, वनों की कटाई रोकने और बायोफ्यूल बनाने में बेहद प्रभावी है।
Bamboo Summit: बांस से जुड़े उद्योग होंगे केंद्र में
इस समिट के दौरान इथेनॉल, मेथनॉल, पेलेट, चारकोल, लकड़ी, फर्नीचर और कपड़ों से जुड़ी इंडस्ट्री पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बांस के व्यावसायिक उपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी चर्चा होगी।
Bamboo Summit: पहले दिन पर्यावरण पर फोकस
समिट के पहले दिन शहरी फॉरेस्ट्री, ऑक्सीजन पार्क और ग्रीन बिल्डिंग्स जैसे विषयों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ बताएंगे कि बांस किस तरह से सतत विकास और शहरी पर्यावरण सुधार में सहायक हो सकता है।
Bamboo Summit: दूसरे दिन होगा बड़ा समझौता
दूसरे दिन उद्यमियों और राज्य सरकार के बीच एक राउंडटेबल बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में 20 हजार करोड़ रुपये के MoUs पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जो राज्य में बांस आधारित उद्योगों के विकास का नया अध्याय लिखेंगे।यह समिट न केवल बांस की बढ़ती उपयोगिता को उजागर करेगा बल्कि महाराष्ट्र को ग्रीन इकॉनमी और बायोफ्यूल इंडस्ट्री में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में भी अहम साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें
SCO summit 2025: SCO समिट की किस बात से चिढ़ गया यूक्रेन, रूस को लेकर कह डाली बड़ी बात

