महाराष्ट्र में 29 मेयर पदों के लिए आरक्षण लॉटरी से होगा तय, 22 जनवरी को होगी प्रक्रिया

Anjali Kumari
2 Min Read

Maharashtra lottery system

मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में महापौर (मेयर) पद के आरक्षण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। इसके अनुसार, मेयर पद के आरक्षण को तय करने के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

22 जनवरी को लॉटरी प्रक्रिया

यह लॉटरी गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे मुंबई स्थित मंत्रालय के परिषद सभागृह में आयोजित की जाएगी। लॉटरी प्रक्रिया नगर विकास मंत्री की अध्यक्षता में संपन्न होगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया पर राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

लॉटरी से आरक्षण क्यों?

महापौर का चुनाव नगर निगम के पार्षदों द्वारा किया जाता है और यह पद आरक्षण व्यवस्था के तहत आता है। लॉटरी के माध्यम से आरक्षण तय करने का उद्देश्य प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है, ताकि समय-समय पर विभिन्न सामाजिक वर्गों को मेयर पद पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिल सके।

नगर निगम चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन

हाल ही में हुए महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीतकर पार्टी मुंबई, पुणे समेत 12 से अधिक महानगरपालिकाओं में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी ने इस चुनाव में ठाकरे और पवार परिवारों के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में भी मजबूत सेंध लगाई है।

बीएमसी में सीटों का गणित

देश की सबसे धनी नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में बीजेपी ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 29 सीटें मिलीं। दोनों दलों के गठबंधन के पास कुल 118 सीटें हो गई हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को 65 सीटें, कांग्रेस को 24 सीटें, AIMIM को 8, MNS को 6, NCP को 3, समाजवादी पार्टी को 2 और शरद पवार गुट को सिर्फ 1 सीट मिली है।

Share This Article