Goa Club Fire
नई दिल्ली, एजेंसियां। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को आज रात दिल्ली एयरपोर्ट लाया जाएगा। गोवा पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों को बैंकॉक से भारत निर्वासित (डिपोर्ट) किया जा रहा है और उनके दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस उन्हें हिरासत में लेगी।
सूत्रों के मुताबिक
सूत्रों के मुताबिक, पहले गोवा पुलिस की टीम थाईलैंड जाकर कस्टडी लेने वाली थी, लेकिन अब दिल्ली एयरपोर्ट से ही कस्टडी ट्रांसफर की जाएगी। इसके बाद देर रात तक लूथरा ब्रदर्स को गोवा ले जाया जाएगा, जहां उन्हें आगे की पूछताछ के लिए सीधे अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को 17 दिसंबर को मापुसा कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है। मामले में तेजी से कार्रवाई के लिए गोवा सरकार ने विधि और अभियोजन विभाग के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक विशेष कानूनी टीम गठित की है, ताकि अदालत में मजबूत पैरवी की जा सके। इस केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
गौरतलब है कि उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात आग लगने की घटना के बाद सह-मालिक गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड के फुकेत भाग गए थे। गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ BNS की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 125(ए) और (बी) (जान जोखिम में डालना) तथा 287 (आग या ज्वलनशील पदार्थ से लापरवाही) के तहत एफआईआर दर्ज की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय और CBI के माध्यम से इंटरपोल से मदद मांगी थी, जिसके बाद लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। चूंकि लूथरा ब्रदर्स और उनके कुछ सहयोगी दिल्ली के निवासी हैं, इसलिए इस मामले में दिल्ली पुलिस भी गोवा पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही है और दिल्ली में भी एक केस दर्ज किया गया है।







