Lok Sabha on SIR:
नई दिल्ली, एजेंसियां। लोकसभा में आज से चुनाव सुधारों पर व्यापक चर्चा शुरू होने जा रही है। चर्चा का मुख्य केंद्र बनेगा—चुनाव आयोग (ECI) द्वारा शुरू किया गया वोटर लिस्ट का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR), जिसे विपक्ष लंबे समय से विवादास्पद प्रक्रिया बता रहा है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस बहस की शुरुआत करेंगे।चुनाव सुधारों पर यह चर्चा मंगलवार और बुधवार को लोकसभा में और बुधवार व गुरुवार को राज्यसभा में होगी। विपक्ष SIR को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधने वाला है, जबकि सरकार अपने तर्कों और जवाबों के साथ तैयार है।
कांग्रेस की ओर से बहस में राहुल गांधी के साथ कई नेता हिस्सा लेंगे, जिनमें केसी वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, वर्षा गायकवाड़, मोहम्मद जावेद, इमरान मसूद और उज्ज्वल रमन सिंह शामिल हैं।
राहुल गांधी लंबे समय से SIR के कट्टर विरोधी रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए “असली वोटर्स के नाम हटाने की साजिश” की जा रही है। उन्होंने 23 नवंबर को कहा था कि SIR की वजह से “3 हफ्तों में 16 BLOs की जान चली गई—हार्ट अटैक, तनाव और खुदकुशी जैसे मामले सामने आए।”
उनका आरोप है कि ECI ने ऐसा तंत्र बनाया है जिसमें नागरिकों को पुराने, स्कैन किए गए पन्नों में अपना नाम ढूंढना पड़ रहा है, जिससे सही वोटर्स थक कर हार मान लेते हैं।
राहुल ने SIR को “एक सोची-समझी चाल” बताया, जो नागरिकों को परेशान करने और वोटों की चोरी को आसान बनाने के लिए बनाई गई है। आज लोकसभा में वह अपना हमला और तेज कर सकते हैं।
इस बीच, चुनाव सुधारों पर संसद में कुल 10 घंटे की चर्चा का समय तय किया गया है। शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू हुआ है और 19 दिसंबर तक चलेगा। पहले कुछ दिनों में विपक्षी हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही थी।








