Parliament Budget Session 2026: संसद बजट सत्र 2026: लोकसभा में 8 सांसद पूरे सत्र के लिए निलंबित

2 Min Read

Parliament Budget Session 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। लोकसभा के बजट सत्र 2026 के 5वें दिन मंगलवार को विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व आर्मी चीफ एमएम नरवणे की किताब का मुद्दा उठाकर डोकलाम और चीन-संबंधी सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया। इसके विरोध में विपक्षी सांसदों ने पीठासीन की तरफ कागज उछालते हुए हंगामा किया, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

8 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया

हंगामे के दौरान कागज उछालने वाले 8 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इसमें कांग्रेस के 7 सांसद अमरिंदर सिंह, राजा वडिंग, प्रशांत परोले, हिबी ईडन, गुरजीत औजला, डीन कोरियोकोज, मणिकम टैगोर, किरण कुमार रेड्डी और माकपा के एक सांसद एस. वेंकटेशन शामिल हैं। निलंबन के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सदन के बाहर प्रदर्शन करते नजर आए।कांग्रेस सांसद राजा वडिंग ने कहा कि जैसे ही पीएम, चीन और डोकलाम का नाम आया, भाजपा के सांसद शोर करने लगे और स्पीकर ने माइक बंद कर अन्य सांसद को बोलने का अवसर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए यह कार्रवाई की गई।

राहुल गांधी के बयान पर शुरू हुआ हंगामा

राहुल गांधी ने दोपहर 2 बजे पूर्व आर्मी चीफ की अनपब्लिश्ड बुक के आर्टिकल को सदन में पेश किया और बोले, “मुझे बोलने दिया जाए। मैं विपक्ष का नेता हूं और राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठा रहा हूं। पूर्वी लद्दाख में हमारे सैनिक शहीद हुए। मैं बस बताना चाहता हूं कि चीन और भारत के बीच क्या हुआ।”राहुल 14 मिनट तक बोलने की कोशिश करते रहे, लेकिन NDA सांसदों ने लगातार टोकना जारी रखा। इस घटना ने बजट सत्र में विपक्ष और सरकार के बीच तनाव को और बढ़ा दिया।

Share This Article