King Khan:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के दो दिग्गज सितारे शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण एक नए कानूनी विवाद में उलझ गए हैं। राजस्थान के भरतपुर जिले के मथुरा गेट थाने में एक स्थानीय अधिवक्ता कीर्ति सिंह (50 वर्ष) ने दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत का आधार एक कार की तकनीकी खामी है, जिसके ब्रांड एंबेसडर शाहरुख और दीपिका हैं।
क्या है पूरा मामला?
कीर्ति सिंह ने 2022 में हरियाणा के सोनीपत स्थित एक डीलरशिप से 23.97 लाख रुपये में हुंदै का ‘अल्काजार’ मॉडल खरीदा था। उनका आरोप है कि गाड़ी में खरीदने के तुरंत बाद से ही गंभीर तकनीकी समस्याएं, जैसे कि एक्सीलेरेशन में रुकावट, इंजन प्रबंधन में खराबी और कंपन जैसी परेशानियां सामने आने लगीं।सिंह का दावा है कि इन खामियों की वजह से कई बार उनका और उनके परिवार का जीवन खतरे में पड़ गया। जब उन्होंने डीलरशिप से संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि यह मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है और केवल अस्थायी समाधान दिए गए।
क्यों आया शाहरुख और दीपिका का नाम?
शिकायतकर्ता ने कंपनी के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का नाम शामिल किया है। उनका आरोप है कि इन सितारों ने ब्रांड का प्रचार करते हुए जनता को यह विश्वास दिलाया कि कार सुरक्षित और भरोसेमंद है, जबकि कंपनी को पहले से खामी की जानकारी थी।सिंह ने इसे धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश का मामला करार दिया है।
पुलिस कर रही जांच
भरतपुर पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक शाहरुख या दीपिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।यह मामला बताता है कि विज्ञापन के माध्यम से किए गए दावों पर अब आम उपभोक्ता कानूनी रूप से सवाल खड़े करने लगे हैं। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला ब्रांड एंडोर्समेंट के नियमों पर भी बड़ा प्रभाव डाल सकता है।
इसे भी पढ़ें
आखिर क्यों मन्नत छोड़कर किराये के घर में शाहरुख खान? जानिए क्या है वजह








