Resort food safety issue: खजुराहो में फूड पॉइजनिंग: रिसॉर्ट में भोजन करते ही बिगड़ी तबीयत, 3 की मौत, 6 गंभीर

2 Min Read

Resort food safety issue

भोपाल, एजेंसियां। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो में रविवार रात फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। गौतमा रिसॉर्ट में भोजन करने के तुरंत बाद कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने लगी। उलटी, सिरदर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद सभी को पहले खजुराहो स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां 3 कर्मचारियों की मौत हो गई और 6 की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान प्रागीलाल कुशवाहा, गिरजा रजक और रामस्वरूप कुशवाहा के रूप में हुई है।

कुल नौ लोगों को फूड पॉइजनिंग

CMHO डॉ. आर.पी. गुप्ता के मुताबिक, कुल नौ लोग फूड पॉइजनिंग के लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंचे थे। कुछ मरीजों को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज भी रेफर किया गया। स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम तुरंत रिसॉर्ट पहुंची और तैयार भोजन के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए। पुलिस ने कर्मचारियों के रहने वाले परिसर को सील कर दिया है।

जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतकों के परिजनों को रेडक्रॉस सोसायटी से 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख रिसॉर्ट में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच के भी आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि भोजन में किस तरह की मिलावट या संक्रमण था, लेकिन घटना ने क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article