Kerala dialysis patient death
तिरुवनंतपुरम, एजेंसियां। केरल के अलाप्पुझा जिले में दो डायलिसिस रोगियों की मौत के बाद पुलिस ने अस्पताल अधीक्षक और डायलिसिस यूनिट के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामला बीएनएस की धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और 106 (1) (लापरवाही या लापरवाहीपूर्ण कृत्यों से मृत्यु का कारण बनना) के तहत दर्ज किया गया है।
परिजनों के शिकायत के आधार पर FIR दर्ज
हरिपाद पुलिस ने मृतकों में से एक, 60 वर्षीय रामचंद्रन के परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की। परिजनों ने आरोप लगाया कि 29 दिसंबर को तालुक अस्पताल में डायलिसिस के तुरंत बाद दोनों मरीजों को बुखार और दस्त हो गए। परिवार ने कहा कि अस्पताल की डायलिसिस इकाई में अस्वच्छ परिस्थितियों और लापरवाही के कारण गंभीर संक्रमण हुआ, जिसके चलते उनकी जान गई।
परिवार वालों ने बताया
परिवार ने बताया कि दोनों मरीजों को बेचैनी होने पर अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया, लेकिन इसके बाद दिसंबर के अंतिम दिनों में उनकी मौत हो गई। रामचंद्रन की 31 दिसंबर को मावेलिक्कारा के एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल में मृत्यु हुई, जबकि कायमकुलम निवासी दूसरे व्यक्ति मजीद की 30 दिसंबर को जिले के एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हुई। FIR में कहा गया है कि अस्पताल के अधीक्षक और कर्मचारियों को पता था कि लापरवाहीपूर्ण परिस्थितियाँ मानव जीवन के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं, फिर भी उन्होंने इसे नजरअंदाज किया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।







