John Abraham clean shave look:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के हैंडसम हंक माने जाने वाले अभिनेता जॉन अब्राहम एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो है। इस वीडियो में जॉन अब्राहम फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार जॉन अपने क्लीन शेव लुक में दिखाई दिए, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। डिंपल्स और फिटनेस के लिए मशहूर जॉन इस वीडियो में पहले से काफी अलग नजर आ रहे हैं।
फैंस को लगा जॉन काफी बूढ़े दिख रहे हैं
वीडियो सामने आने के बाद फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई लोगों का कहना है कि इस लुक में जॉन अब्राहम काफी बूढ़े नजर आ रहे हैं और उनके चेहरे पर उम्र का असर साफ दिखाई दे रहा है। कुछ फैंस ने चिंता जताते हुए यहां तक पूछ लिया कि क्या जॉन अब्राहम किसी तरह के तनाव या डिप्रेशन से गुजर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये क्या हो गया है जॉन को, उन्हें इस हालत में देखकर दुख हो रहा है।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “यकीन नहीं हो रहा कि ये वही जॉन अब्राहम हैं, जो हमेशा यंग और फिट दिखते थे।”
क्लीन शेव लुक बना चर्चा का कारण
दरअसल, जॉन अब्राहम आमतौर पर दाढ़ी या स्टबल लुक में नजर आते हैं, जिसे उनके फैंस काफी पसंद करते हैं। लेकिन इस बार का क्लीन शेव लुक उनके चेहरे की उम्र को ज्यादा उभारता हुआ नजर आया, जिससे फैंस चौंक गए। हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वीडियो की लाइटिंग और एंगल की वजह से ऐसा लग रहा होगा।
रोहित शेट्टी की फिल्म में आएंगे नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो जॉन अब्राहम इन दिनों कम लेकिन दमदार फिल्मों का चुनाव कर रहे हैं। वह जल्द ही रोहित शेट्टी की अपकमिंग कॉप ड्रामा में नजर आएंगे, जो भारतीय पुलिस अधिकारी राकेश मारिया की बायोपिक है। इस फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। यह पहली बार होगा जब रोहित शेट्टी और जॉन अब्राहम एक साथ किसी प्रोजेक्ट में काम करते नजर आएंगे।







