Jalandhar AAP leader shot dead:
चंडीगढ़, एजेंसियां। पंजाब के जालंधर में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शहर के पॉश मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हुई, जहां वह रोज की तरह माथा टेकने पहुंचे थे। हमलावरों ने स्कूटी पर पहुंचकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार
पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय लक्की ओबरॉय गुरुद्वारे से बाहर निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले में उन्हें सीने में पांच और सिर पर एक गोली लगी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे टारगेट किलिंग माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों ने वारदात से पहले ओबरॉय की गतिविधियों की रेकी की थी और पूरी योजना के साथ हमला किया।
इस बीच, गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली है। उसने दावा किया कि यह वारदात आपसी दुश्मनी और खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुए विवाद के कारण की गई। हालांकि पुलिस ने गैंगस्टर के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार
डॉक्टरों के अनुसार, ओबरॉय पर करीब 8–9 राउंड फायर किए गए थे, जिनमें कई गोलियां उनके सीने और चेहरे पर लगीं। पुलिस ने गुरुद्वारे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।लक्की ओबरॉय जालंधर कैंट के वार्ड-35 में AAP के हलका इंचार्ज थे और स्थानीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनकी हत्या के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता जताई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और कई टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।







