Indore contaminated water
इंदौर, एजेंसियां। लगातार सात वर्षों तक देश का सबसे स्वच्छ शहर रहने वाले इंदौर में दूषित पानी से कई लोगों की मौत ने प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के भागीरथपुरा इलाके में नर्मदा जलापूर्ति की पाइपलाइन में ड्रेनेज का पानी मिल जाने से सप्लाई का पानी प्रदूषित हो गया। बीते एक सप्ताह में इस इलाके में 11 लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि सरकार ने मौतों के वास्तविक कारणों की जांच के लिए एक समिति गठित की है।
दूषित पानी पीने से बीमार हुए सैकड़ों लोग
दूषित पानी पीने से बीमार हुए सैकड़ों लोगों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अनुसार, 1400–1500 लोग प्रभावित हुए, जिनमें करीब 200 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। घटना के दस दिन बाद भी कई इलाकों में साफ पेयजल नहीं पहुंच सका है, जिससे लोगों में भारी नाराज़गी है।

















