सोमवार को भी इंडिगो परिचालन में संकट, प्रमुख हवाई अड्डों पर 350 से ज्यादा उड़ानें रद्द

3 Min Read

IndiGo flights cancelled:

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो में जारी परिचालन संकट सोमवार को भी बरकरार रहा। दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट्स पर कई उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए सुबह साढ़े छह बजे एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी कि उड़ानों में देरी हो सकती है और यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी।

सोमवार को 350 से अधिक उड़ानें रद्द

सोमवार को करीब 350 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 18, बंगलूरू में 127, हैदराबाद में 77 और दिल्ली में 134 उड़ानें रद्द हुईं। चेन्नई, अहमदाबाद और असम के एयरपोर्ट्स पर टर्मिनल एरिया में भारी भीड़ देखी गई। बीते लगभग एक सप्ताह में इंडिगो की लगभग चार हजार उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिससे देश का हवाई यातायात प्रभावित हुआ। बता दें इंडिगो एयरलाइन ने डीजीसीए के नोटिस का जवाब देने के लिए और समय मांगा है। डीजीसीए ने 6 दिसंबर को इंडिगो को नोटिस जारी किया था, जिसमें बड़े पैमाने पर परिचालन योजना बनाने में विफलता और संसाधन प्रबंधन की कमी का उल्लेख किया गया था। नोटिस में यह भी कहा गया कि नए FDTL नियमों को लागू करने में चूक मुख्य कारण है।

सरकार की जांच जारी

सरकार की जांच जारी है। गठित चार सदस्यीय समिति यह पता लगा रही है कि क्या इंडिगो ने अक्टूबर तक समय बर्बाद किया और FDTL नियमों को लागू करने में छूट पाने की कोशिश की। संकट के बीच, इंडिगो ने रविवार शाम तक यात्रियों को 610 करोड़ रुपये का रिफंड और 3,000 से अधिक बैगेज लौटाए हैं।

सुरक्षा की चिंता भी बनी रही। रविवार को हैदराबाद हवाई अड्डे पर तीन उड़ानों में बम की धमकी दी गई। ये उड़ानें ब्रिटिश एयरवेज (BA 277), लुफ्थांसा (LH 752) और इंडिगो (6E 7178) की थीं। हालांकि सभी विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गए और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। पिछले सप्ताह भी हैदराबाद एयरपोर्ट को बम धमकी वाले ईमेल मिले थे, जिनमें कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।

Share This Article