Indian Army light machine guns:
नई दिल्ली, एजेंसियां। इस्राइल की प्रमुख रक्षा कंपनी अगले साल की शुरुआत में भारत को 40 हजार लाइट मशीन गन (LMG) की पहली खेप देने जा रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि सभी परीक्षण और सरकारी जांच पूरी हो चुकी है और उत्पादन लाइसेंस भी मिल चुका है। इस आपूर्ति प्रक्रिया को पांच वर्षों तक जारी रखने की योजना है, हालांकि पहली खेप जल्द शुरू करने की तैयारी है।
कंपनी के सीईओ के अनुसार:
कंपनी के सीईओ शुकी श्वार्ट्ज के अनुसार, वे भारतीय गृह मंत्रालय के तहत कई एजेंसियों के साथ मिलकर पिस्तौल, राइफल और मशीन गन की सप्लाई पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे तीन बड़े कार्यक्रमों में शामिल हैं। पहला कार्यक्रम 40 हजार LMG का है, जिस पर पिछले साल अनुबंध हुआ था। दूसरा कार्यक्रम CQB (क्लोज क्वार्टर्स बैटल) कार्बाइन का है। इस टेंडर में कंपनी ने दूसरी सबसे बड़ी बोली लगाई थी, जबकि मुख्य बोलीदाता ‘भारत फोर्ज’ है। इस अनुबंध पर हस्ताक्षर के अंतिम चरण की प्रक्रिया चल रही है और इसके जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। इसके तहत कुल 1,70,000 यूनिट की आपूर्ति की जाएगी, जिसमें 60% भारत फोर्ज और 40% अदाणी ग्रुप की PLR Systems द्वारा दी जाएगी।
कंपनी भारत को आर्बेल तकनीक से भी जोड़ने की बातचीत कर रही है। यह एक कंप्यूटरीकृत हथियार प्रणाली है, जो एल्गोरिदम की मदद से सैनिक के निशाने को पहचानकर बेहद तेज और सटीक फायर करती है। यदि भारत इसे अपनाने का निर्णय लेता है, तो इसकी संयुक्त उत्पादन प्रक्रिया इस्राइल और भारत में की जाएगी। भारत में इसके निर्माण की जिम्मेदारी PLR Systems के पास होगी।






