World Post Day 2025:
नई दिल्ली, एजेंसियां। हर साल 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस (World Post Day) मनाया जाता है। यह दिन लोगों को याद दिलाता है कि डाक सेवाएं केवल पत्र और पार्सल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज के डिजिटल युग में यह वित्तीय और निवेश सेवाओं का भी भरोसेमंद केंद्र बन चुका है। भारत में डाक विभाग अब बैंकिंग, निवेश, बीमा और डिजिटल सेवाओं का भी व्यापक प्लेटफॉर्म प्रदान करता है।
राष्ट्रीय बचत आवर्ती जमा खाता
डाकघर में उपलब्ध प्रमुख बचत और निवेश योजनाओं में राष्ट्रीय बचत आवर्ती जमा खाता (RD) शामिल है, जिसमें न्यूनतम 100 रुपये मासिक निवेश से शुरुआत की जा सकती है और 5 साल की अवधि होती है। सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) बालिकाओं के लिए शिक्षा और शादी के खर्च के लिए फंड तैयार करती है।
वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) 60 वर्ष से ऊपर के निवेशकों के लिए नियमित ब्याज और 3 साल तक बढ़ाने की सुविधा देती है। राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC) में 5 साल की लॉक-इन अवधि के साथ निवेश पर अच्छा ब्याज और टैक्स लाभ मिलता है। पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) लॉन्ग टर्म बचत योजना है, जिसमें हर वित्तीय वर्ष में 1.5 लाख रुपये तक निवेश पर टैक्स छूट मिलती है। डाकघर मासिक आय योजना (MIS) उन लोगों के लिए है, जिन्हें हर महीने निश्चित आय चाहिए।
डिजिटल युग
डिजिटल युग में इंडिया पोस्ट ने अपनी सेवाओं को हाईटेक बनाया है। अब ग्राहक इंडिया पोस्ट की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने खातों की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसमें बैलेंस चेक करना, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखना और स्टेटमेंट डाउनलोड करना शामिल है।
इसके अलावा, डाक सप्ताह की शुरुआत 6 अक्टूबर से होती है, जिसमें पूरे देश में डाक विभाग नई सेवाओं और योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करता है। इस तरह, भारतीय डाकघर न केवल पारंपरिक सेवाओं में बल्कि आधुनिक डिजिटल और निवेश सेवाओं में भी लोगों के लिए भरोसेमंद विकल्प बन चुका है।यह दिवस भारतीय नागरिकों को अपने वित्तीय और निवेश विकल्पों के प्रति जागरूक करने का अवसर भी प्रदान करता है।
इसे भी पढ़ें
शेर शाह सूरी को जाता है भारत में डाक डाक व्यवस्था की शुरुआत का श्रेय








