Terrorist killed in Pakistan: भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी पाकिस्तान में मारा गया

2 Min Read

Terrorist killed in Pakistan:

पेशावर, एजेंसियां। पाकिस्तान के पेशावर से एक बड़ी खबर सामने आई है। भारत की सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कुख्यात आतंकी मोहम्मद कासिम गुज्जर उर्फ सलमान उर्फ सुलेमान की अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार हमलावरों ने व्यस्त सड़क पर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

PoK से आतंकी गतिविधियां संचालितः

मोहम्मद कासिम गुज्जर का नाम भारत की सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में काफी समय से शामिल था, वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से आतंकी गतिविधियां संचालित करता था। कासिम गुज्जर प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था और भारत में कई आतंकी साजिशों में उसकी भूमिका सामने आई थी। कई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड मोहम्मद कासिम गुज्जर को भारत सरकार ने 7 मार्च 2024 को नामित आतंकवादी घोषित किया था।

कई आतंकी हमलों में था शामिलः

लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का ऑपरेटिव मोहम्मद कासिम गुज्जर कई आतंकी हमलों के जरिए अनेक लोगों की मौत और घायल होने का जिम्मेदार रहा है और भारत के खिलाफ युद्ध की साजिश रचने में शामिल था। मोहम्मद कासिम गुज्जर जम्मू-कश्मीर के रियासी का निवासी था।

वीडियो हो रहा वायरलः

घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह बाइक सवार हमलावर ने सड़क पर चलते हुए गुज्जर को निशाना बनाया और फरार हो गया। घटना के बाद अब तक पाकिस्तान पुलिस, पाकिस्तानी सेना या खुफिया एजेंसी ISI की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न तो हमले की पुष्टि हुई है और न ही किसी जांच की जानकारी सामने आई है।

उठ रहे सवालः

इस चुप्पी को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि हाल के वर्षों में पाकिस्तान में भारत के वांछित आतंकियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं।

Share This Article