Team India T20 World Cup record: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, तोड़ा नीदरलैंड्स का रिकॉर्ड

3 Min Read

Team India T20 World Cup record:

नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ICC Men’s T20 World Cup 2026 के 18वें मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने नामीबिया को 93 रन से हराकर न सिर्फ लगातार दूसरी जीत दर्ज की, बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने इस मैच में सिर्फ 41 गेंदों यानी 6.5 ओवर में 100 रन पूरे कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज टीम शतक लगाने का कारनामा कर दिखाया।इससे पहले यह रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नाम था, जिसने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 42 गेंदों में 100 रन बनाए थे। भारत ने 12 साल पुराना यह रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

ईशान-सैमसन की तूफानी शुरुआत

इस ऐतिहासिक उपलब्धि में ओपनिंग जोड़ी की अहम भूमिका रही। ईशान किशन और संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे।वहीं ईशान किशन ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों पर 61 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। ईशान टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले के भीतर अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि रोहित शर्मा और केएल राहुल हासिल कर चुके हैं।

पावरप्ले में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

भारत ने इस मुकाबले में पावरप्ले के छह ओवर में 86 रन बना लिए थे, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। यही नहीं, मौजूदा टूर्नामेंट में भी यह किसी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई और भारत ने 93 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। विस्फोटक बल्लेबाजी और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन ने यह संकेत दे दिया है कि भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभर रही है।

Share This Article