IND vs PAK match: IND vs PAK मुकाबले के बीच ICC की अहम बैठक, BCCI-PCB आमने-सामने

2 Min Read

IND vs PAK match:

नई दिल्ली, एजेंसियां। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) एक अहम बैठक आयोजित करने की तैयारी में है। यह मैच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा। इसी दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रतिनिधियों के एक ही टेबल पर आने की संभावना जताई जा रही है।बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम ने एक इंटरव्यू में बताया कि आईसीसी ने एशिया के पांच प्रमुख क्रिकेट देशों को इस बैठक के लिए आमंत्रित किया है। माना जा रहा है कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय क्रिकेट संबंधों को मजबूत करना और हाल के विवादों के बाद सहयोग का माहौल बनाना है।

बॉयकॉट विवाद के बाद संवाद की कोशिश

जानकारी के अनुसार पाकिस्तान ने पहले भारत के खिलाफ मैच ही नहीं, बल्कि पूरे टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के बहिष्कार पर विचार किया था। लाहौर में आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी के बीच हुई बैठक के बाद स्थिति सामान्य हुई और पाकिस्तान टूर्नामेंट में खेलने के लिए तैयार हुआ।अमिनुल इस्लाम ने दावा किया कि उन्होंने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर बहिष्कार के संभावित नुकसान समझाए। इसके बाद आईसीसी के सामने पाकिस्तान की कुछ मांगों पर भी चर्चा हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश को मुआवजा देने की मांग स्वीकार कर ली गई है, जबकि पाकिस्तान की आईसीसी राजस्व में हिस्सेदारी बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।

इस बैठक का विस्तृत एजेंडा क्या है?

हालांकि 15 फरवरी को होने वाली इस बैठक का विस्तृत एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों को बेहतर बनाने पर चर्चा हो सकती है।भारत और पाकिस्तान का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी रहेंगी।

Share This Article