IND vs NZ 2nd T20:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। पहले टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में फैंस की निगाहें अब दूसरे मुकाबले पर टिकी हैं। हालांकि, दिल्ली-NCR में अचानक बदले मौसम और तेज बारिश के चलते यह सवाल उठने लगा कि कहीं रायपुर में भी बारिश मैच में खलल तो नहीं डालेगी।
कैसा रहेगा मैच के दिन रायपुर का मौसम?
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी AccuWeather के मुताबिक रायपुर में मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। दिन में तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है। बारिश की संभावना लगभग ना के बराबर बताई गई है। मैच के दौरान करीब 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवा चल सकती है, लेकिन इससे खेल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो फैंस को बिना किसी रुकावट के पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
रायपुर पिच का मिजाज
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां की पिच सपाट होती है और गेंद अच्छे उछाल के साथ बल्ले पर आती है, जिससे हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। पावरप्ले में बल्लेबाजों को खास फायदा मिल सकता है। हालांकि, बड़ी बाउंड्री होने के कारण मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स अहम भूमिका निभा सकते हैं, जबकि तेज गेंदबाज भी अपनी विविधताओं से असर छोड़ सकते हैं।
मैदान का टी20I रिकॉर्ड
रायपुर में अब तक सिर्फ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया है। साल 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए उस मुकाबले में टीम इंडिया ने 174 रन डिफेंड करते हुए 20 रन से जीत दर्ज की थी। यह मैच भी शाम के समय खेला जाएगा, ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम हो सकती है और टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकता है।







