Health Tips:
नई दिल्ली, एजेंसियां। आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी और बढ़ते काम के दबाव ने नींद की गुणवत्ता पर गहरा असर डाला है। बहुत से लोग शिकायत करते हैं कि रात को जल्दी नींद नहीं आती या नींद बार-बार टूट जाती है। नींद पूरी न होने पर अगले दिन थकान, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और लंबे समय तक स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में रात को सही तरीके से सोना बेहद जरूरी है।
न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह पांचाल ने इस समस्या को हल करने के लिए दो मुख्य उपाय साझा किए हैं।
पहला उपाय
पहला उपाय है सोने से पहले सही पोषण। इसके लिए श्वेता शाह ने सुझाव दिया कि हल्का और पौष्टिक भोजन लें। विशेष रूप से एक गिलास गुनगुना दूध, जिसमें हल्दी और दो दाने काली मिर्च मिलाकर पीना या 4-5 भीगे हुए बादाम खाना नींद लाने में मददगार है। यह मैग्नीशियम और ट्रिप्टोफैन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो नसों को रिलैक्स करते हैं और मेलाटोनिन हार्मोन को सक्रिय करते हैं।
दूसरा उपाय
दूसरा उपाय है घर में हल्की रोशनी बनाए रखना। रात 8 बजे के बाद तेज लाइट का उपयोग कम करें। इससे शरीर को संकेत मिलता है कि आराम का समय आ गया है और नींद धीरे-धीरे आती है।
गहरी नींद लेने से शरीर के हार्मोन संतुलित रहते हैं, पाचन बेहतर होता है और अगली सुबह तरोताजा महसूस होता है। श्वेता शाह के अनुसार, इन दो आदतों को अपनाकर लोग न केवल जल्दी सो सकते हैं बल्कि पूरी और गहरी नींद भी पा सकते हैं।
अस्वीकरण: यह सलाह सामान्य जानकारी के लिए है और किसी चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं के लिए विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
इसे भी पढ़ें
Health Tips: पेट की खलबली और ब्लोटिंग से तुरंत राहत पाने के घरेलू उपाय
