ICICI Bank credit card
नई दिल्ली, एजेंसियां। प्राइवेट सेक्टर के अग्रणी ICICI बैंक ने अपने रिटेल क्रेडिट कार्ड ग्राहकों के लिए चार्ज, रिवॉर्ड और बेनिफिट स्ट्रक्चर में बड़े बदलावों की घोषणा की है। बैंक द्वारा किए गए ये बदलाव चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे। अधिकतर नए नियम 15 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगे, जबकि कुछ रिवॉर्ड कैप और लाभों में कटौती 1 फरवरी 2026 से लागू की जाएगी। इन बदलावों का सीधा असर ऑनलाइन गेमिंग, वॉलेट यूज और हाई-वैल्यू खर्च करने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा।
ऑनलाइन गेमिंग पर लगेगा 2% अतिरिक्त शुल्क
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बड़ा बदलाव ऑनलाइन गेमिंग ट्रांजैक्शंस को लेकर किया गया है। Dream11, Rummy Culture, Junglee Games, MPL जैसे प्लेटफॉर्म्स पर क्रेडिट कार्ड से किए गए डिपॉजिट या अन्य भुगतान पर अब 2% अतिरिक्त चार्ज लिया जाएगा। बैंक ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में गेमिंग से जुड़े नए मर्चेंट कैटेगरी कोड (MCC) पर भी यह शुल्क लागू किया जा सकता है।
वॉलेट लोडिंग और ट्रांसपोर्ट खर्च भी होंगे महंगे
Amazon Pay, Paytm, MobiKwik, Freecharge और OlaMoney जैसे थर्ड-पार्टी वॉलेट्स में ₹5,000 या उससे अधिक की राशि लोड करने पर 1% चार्ज देना होगा। इसके अलावा रेलवे, बस बुकिंग और अन्य ट्रांसपोर्टेशन सेवाओं से जुड़े चुनिंदा MCCs के तहत ₹50,000 से अधिक के ट्रांजैक्शन पर भी 1% सरचार्ज लगाया जाएगा।
रिवॉर्ड पॉइंट्स पर नई मासिक सीमा
1 फरवरी 2026 से ट्रांसपोर्टेशन खर्च पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स पर कैप तय कर दी गई है। Emeralde, Emeralde Private, Sapphiro और Rubyx कार्ड्स पर यह सीमा ₹20,000 प्रति माह होगी। वहीं Coral, Platinum, Manchester United, CSK जैसे मिड-टियर कार्ड्स पर रिवॉर्ड कैप ₹10,000 प्रति माह रहेगी।
इसके अलावा Emeralde Metal कार्ड पर अब सरकारी सेवाओं, फ्यूल, किराया, टैक्स भुगतान, प्रॉपर्टी मैनेजमेंट और थर्ड-पार्टी वॉलेट ट्रांजैक्शन्स पर कोई रिवॉर्ड नहीं मिलेगा।
एंटरटेनमेंट और प्रीमियम कार्ड्स पर सख्ती
BookMyShow का Buy-One-Get-One ऑफर अब तभी मिलेगा, जब पिछले कैलेंडर क्वार्टर में कम से कम ₹25,000 खर्च किए गए हों। Instant Platinum कार्ड पर यह ऑफर फरवरी 2026 से पूरी तरह बंद हो जाएगा।
वहीं Emeralde सीरीज के कार्ड्स पर Dynamic Currency Conversion (DCC) शुल्क 2% कर दिया गया है। Emeralde Metal के नए ऐड-ऑन कार्ड पर ₹3,500 का एकमुश्त शुल्क भी लगेगा।
ग्राहकों को खर्च की रणनीति बदलने की सलाह
ICICI बैंक ने कार्डधारकों को सलाह दी है कि वे नए नियमों को ध्यान से समझें और अपनी स्पेंडिंग हैबिट्स व कार्ड बेनिफिट्स की दोबारा समीक्षा करें, ताकि बढ़ते चार्ज का असर कम किया जा सके।



















