Bus accident in Himachal
शिमला, एजेंसियां। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 12 लोगों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
30 से 35 यात्री थे बस में सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस, प्रशासन और बचाव दल भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
घायलों को अस्पतालों में कराया गया भर्ती
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए संगड़ाह, ददाहू, राजगढ़ और नाहन के अस्पतालों में रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज नाहन में आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है।
नेताओं ने जताया शोक
हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और राहत कार्य में सहयोग करें।

