Kolkata monsoon alert: कोलकाता में मूसलधार बारिश से हाहाकार, शहर जलमग्न

Anjali Kumari
3 Min Read

Kolkata monsoon alert:

कोलकाता, एजेंसियां। कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में हुई रातभर की भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कों पर नाव चलने जैसी स्थिति बन गई है और कई आवासीय इलाकों में पानी भर गया है। कोलकाता नगर निगम के अनुसार, गरिया कामदहारी में सबसे अधिक 332 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

यातायात पूरी तरह ठप

लगातार हुई बारिश का सबसे बड़ा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है। सियालदह स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पानी जमा होने से सुबह से ही ट्रेन सेवाएं बाधित हैं। चक्ररेल की अप और डाउन लाइनें बंद कर दी गई हैं और सियालदह दक्षिण शाखा पर भी ट्रेन सेवाएं रुकी हुई हैं। इसी तरह हावड़ा डिवीजन में भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मेट्रो सेवाएं भी बाधित

कोलकाता की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोबर स्टेशन के बीच जलभराव होने के कारण शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन तक की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं। दक्षिणेश्वर से मैदान के बीच सीमित सेवाएं चलाई जा रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे कर्मचारी जलनिकासी के कार्य में जुटे हैं।

बारिश से जनहानि और संकट गहराया

लगातार हो रही बारिश से अब तक कोलकाता में 5 लोगों की मौत की खबर है। कई घरों और परिसरों में पानी घुसने से लोग परेशान हैं। शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की तीव्रता ज्यादा रही।

मौसम विभाग का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण आने वाले दिनों में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश जारी रह सकती है। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में बुधवार तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 25 सितंबर के आसपास खाड़ी में एक और निम्न दबाव बनने का पूर्वानुमान है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।

इसे भी पढ़ें

Heavy rains in Bengaluru: भारी बारिश से बेहाल बेंगलुरु, सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं