Hardik Pandya Player of the Match:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत ने ICC Men’s T20 World Cup 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में नामीबिया को 93 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया।हार्दिक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज अर्धशतक लगाया और फिर गेंदबाजी में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।
बुमराह और जडेजा के खास रिकॉर्ड की बराबरी
इस मुकाबले के साथ हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। इसके साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और अमित मिश्रा की बराबरी कर ली। अब ये सभी खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए दो-दो बार प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं।भारत के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने आठ बार यह उपलब्धि हासिल की है।
निचले क्रम में बल्लेबाजी का शानदार रिकॉर्ड
हार्दिक पांड्या ने इस मैच में नंबर पांच या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए एक और पचास-प्लस स्कोर बनाया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर की बराबरी कर ली, जिन्होंने इस पोजिशन पर आठ बार पचास से ज्यादा रन बनाए हैं।मैच के दौरान हार्दिक ने शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 81 रनों की अहम साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारतीय पारी को मजबूती दी और अंतिम ओवरों में रन गति तेज कर दी। हार्दिक ने 27 गेंदों में छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
अवॉर्ड जीतने के बाद क्या बोले हार्दिक
प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि वह अपने खेल का पूरा आनंद ले रहे हैं और पिछले कुछ महीनों में की गई तैयारी का फायदा उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक ऑलराउंडर के तौर पर वह हमेशा बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम के लिए योगदान देने की कोशिश करते हैं।








