Hardik Pandya comeback:
नई दिल्ली, एजेंसियां। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या जल्द ही क्रिकेट मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं। एशिया कप 2025 के दौरान फाइनल से ठीक पहले चोटिल हुए हार्दिक अब फिट नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट के जरिए हार्दिक अपनी फिटनेस साबित करेंगे ताकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो सके।
एशिया कप में लगी थी गंभीर चोट:
एशिया कप के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच सुपर-4 मैच में हार्दिक पांड्या के पैर में चोट लगी थी, जिसके चलते वे फाइनल मुकाबले से बाहर हो गए थे। उनकी गैरहाजिरी में टीम इंडिया ने फाइनल खेला और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वे टीम का हिस्सा नहीं बन सके। लंबे रिहैब के बाद अब वे दोबारा मैदान पर उतरने को तैयार हैं।
बड़ौदा की ओर से उतरेंगे मैदान में:
हार्दिक पांड्या घरेलू स्तर पर बड़ौदा टीम से खेलते हैं। वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के जरिए एक बार फिर से एक्शन में लौटेंगे। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाता है, जो भारत की टी20 टीम के चयन में अहम भूमिका निभाता है। माना जा रहा है कि अगर हार्दिक यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वे सीधे भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा बन सकते हैं।
हार्दिक का टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड:
हार्दिक पांड्या ने अब तक भारत के लिए 120 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 1860 रन बनाए और 98 विकेट झटके हैं। उन्होंने पांच अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका आखिरी टी20 मुकाबला 26 सितंबर 2025 को हुआ था, जिसमें उन्होंने 2 रन बनाए और एक विकेट लिया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि ब्रेक के बाद मैदान पर लौटते हुए हार्दिक किस लय में दिखाई देते हैं।







