GRAP-3 removed Delhi NCR
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के चलते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रैप (Graded Response Action Plan) के स्टेज-3 के तहत लागू सभी प्रतिबंध तुरंत वापस लेने का निर्णय लिया है। हालांकि, ग्रैप के स्टेज-1 और स्टेज-2 के तहत पहले से लागू उपाय एनसीआर में जारी रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि हवा की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर और कदम उठाए जाएंगे।
एयर क्वालिटी इंडेक्स 380
राजधानी में हाल ही में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 380 दर्ज किया गया था, लेकिन शुक्रवार को शाम 4 बजे यह घटकर 236 हो गया। इस गिरावट से वायु की गुणवत्ता में सुधार का संकेत मिला है। तेज हवाओं के कारण जहरीली फिजा से थोड़ी राहत मिली, हालांकि सुबह धुंध और कोहरे की मोटी परत छाई रही।
गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित
एनसीआर में गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही, जहां एक्यूआई 239 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा में 238, नोएडा में 229 और फरीदाबाद में 210 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। गुरुग्राम की हवा सबसे साफ रही और यहां एक्यूआई 187 दर्ज किया गया। वेंटिलेशन इंडेक्स 6000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड और अधिकतम मिश्रण गहराई 1400 मीटर रही।
दोपहर तीन बजे पीएम10 का स्तर 183.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम2.5 का स्तर 111.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि रविवार तक हवा इसी श्रेणी में रहेगी, लेकिन सोमवार से फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। इसके चलते सांस की बीमारी वाले लोग परेशानी का सामना कर सकते हैं, साथ ही आंखों में जलन, खांसी और सिर दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

















