Goa nightclub fire: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में थाईलैंड से भारत डिपोर्ट हुए Luthra brothers

3 Min Read

Goa nightclub fire:

नई दिल्ली, एजेंसियां। उत्तर गोवा के अर्पोरा स्थित नाइटक्लब अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौरव लुथरा और सौरभ लुथरा को मंगलवार दोपहर थाईलैंड से दिल्ली लाया गया। दोनों आरोपी नाइटक्लब के मालिक हैं और हादसे के बाद देश छोड़कर फरार हो गए थे। दिल्ली पहुंचते ही अब गोवा पुलिस उन्हें अपनी हिरासत में लेगी और इसके बाद पाटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।

25 लोगों की मौत के मामले में आरोपी

गोवा के अर्पोरा इलाके में हुए इस भीषण नाइटक्लब अग्निकांड में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, नाइटक्लब बिना आवश्यक फायर सेफ्टी मानकों के संचालित किया जा रहा था। इसी लापरवाही के चलते आग लगी और यह हादसा इतना भयावह रूप ले सका। इस मामले में लूथरा बंधुओं पर गैर-इरादतन हत्या और गंभीर लापरवाही के आरोप दर्ज किए गए हैं।

दिल्ली से गोवा ले जाया जाएगा

अधिकारियों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं जाएगी, बल्कि दिल्ली में केंद्रीय एजेंसियों से कस्टडी लेकर आगे की कार्रवाई करेगी। इसके लिए गोवा पुलिस की एक टीम सोमवार रात दिल्ली पहुंच चुकी थी। हिरासत मिलने के बाद दोनों आरोपियों को देर रात गोवा ले जाया जा सकता है, जहां उन्हें अंजुना पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए रखा जाएगा। बुधवार को उन्हें मापुसा अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

कैसे हुआ प्रत्यर्पण

भारत और थाईलैंड के बीच 2013 में प्रत्यर्पण संधि हुई थी, जो 2015 से लागू है। इसी संधि के तहत 11 दिसंबर को फुकेट में हिरासत में लिए गए लूथरा बंधुओं को भारत डिपोर्ट किया गया। भारतीय दूतावास ने थाई अधिकारियों के साथ समन्वय कर पासपोर्ट रद्द कराए और संबंधित डोजियर सौंपा। इस मामले में इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

फिलहाल गोवा पुलिस ने नाइटक्लब से जुड़े पांच मैनेजर और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियों की भी संभावना जताई जा रही है।

Share This Article