Global UPI expansion 2025:
नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का कतर दौरा भारत और कतर के आर्थिक संबंधों को नई ऊँचाई पर ले जाने वाला है। इस दौरे के दौरान दोहा के लुलु मॉल में UPI पेमेंट सिस्टम का लॉन्च किया जाएगा, जिससे कतर मिडिल ईस्ट का दूसरा ऐसा देश बन जाएगा, जहां भारतीय डिजिटल पेमेंट प्रणाली काम करेगी। यूएई के बाद कतर में UPI आने से लगभग 25% भारतीय आबादी को लेन-देन में आसानी होगी और विदेशी कारोबारियों के साथ वित्तीय इंटरैक्शन सरल होगा।
पीयूष गोयल ने कतर सेंट्रल बैंक के गवर्नर से की मुलाकात
पीयूष गोयल ने कतर सेंट्रल बैंक के गवर्नर शेख बिन मोहम्मद बिन सऊद अल-थानी से मुलाकात की और भारत-कतर संयुक्त व्यापार परिषद की उद्घाटन बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर भारत और कतर के बीच व्यापार, निवेश और वित्तीय सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना आवश्यक है, जिससे साझा विकास और समृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि कतर के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री शेख फैसल बिन थानी बिन फैसल अल-थानी के साथ बैठक में व्यवसायिक और निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। UPI के लॉन्च से कतर में भारतीय व्यवसायियों और प्रवासी समुदाय को डिजिटल लेन-देन का भरोसेमंद और तेज़ माध्यम मिलेगा।
भारत-कतर व्यापारिक रिश्ते मजबूत होंगे
इस कदम से न केवल भारत-कतर व्यापारिक रिश्ते मजबूत होंगे, बल्कि मिडिल ईस्ट में भारतीय डिजिटल पेमेंट प्रणाली का विस्तार भी होगा। पीयूष गोयल के अनुसार, इस तरह की पहल से दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में तालमेल बढ़ेगा और व्यापारिक पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।UPI के कतर में लॉन्च से भारतीय प्रवासी और स्थानीय व्यापारियों के लिए पेमेंट और वित्तीय लेन-देन और भी सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होंगे, जिससे मिडिल ईस्ट में कैशलेस इंडिया का नया अध्याय शुरू होने वाला है।
इसे भी पढ़ें
UPI Account: गलत बैंक खाते या UPI में पैसा गया? तुरंत करें ये स्टेप, जल्दी मिलेगा पैसा वापस
