Gas cylinder blast in Malad: मलाड में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दहशत, 2 साल के बच्चे समेत 7 लोग घायल

2 Min Read

Gas cylinder blast in Malad

मुंबई, एजेंसियां। मुंबई के मलाड इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मलाड वेस्ट के मालवणी क्षेत्र में स्थित एक चॉल में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 7 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 2 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।

पीटीआई के मुताबिक

पीटीआई के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 9:25 बजे भारत माता स्कूल के पास स्थित एक चॉल में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिलेंडर से गैस लीकेज हो रही थी, जिसके चलते यह विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि घर में आग लग गई और पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आसपास के लोगों ने तेज आवाज सुनी और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

इस हादसे में रोमा (35) और अलीशा (18) गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों करीब 35 प्रतिशत तक जल चुकी हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। इसके अलावा जुलेखाबानो आफताब अंसारी (60) और आदिल शेख (2) को कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं विजय चौधरी (54), तौसीब खान (18) और अली कासम (17) को बीडीबीए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

आग पर काबू पा लिया गया है

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है और इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और पाइपलाइन की नियमित जांच कराएं, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Share This Article
Exit mobile version