Free laptop scheme in Delhi
नई दिल्ली, एजेंसियां। पढ़ाई को डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डिजिटल शिक्षा योजना के तहत दिल्ली सरकार 10वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों और छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप देने जा रही है। इस योजना का उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन लर्निंग, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और तकनीकी शिक्षा में सहयोग देना है।
हर साल 1200 छात्रों को मिलेगा हाई-टेक लैपटॉप
दिल्ली सरकार हर वर्ष CBSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में मेरिट सूची में आने वाले टॉप 1200 छात्रों को हाई-कॉन्फिगरेशन i7 लैपटॉप देगी। एक लैपटॉप की कीमत 60 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस योजना के लिए करीब 7.5 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। ये लैपटॉप ऑनलाइन क्लास, ई-बुक्स, प्रोजेक्ट वर्क, कोडिंग और रिसर्च जैसे कामों में उपयोगी होंगे।
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ छात्र और छात्राएं दोनों ले सकते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं। छात्र का दिल्ली का स्थायी निवासी होना जरूरी है। CBSE बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य होगा। मेरिट सूची में टॉप 1200 में स्थान। रेगुलर स्कूल से पढ़ाई की हो और 11वीं कक्षा में दाखिला लिया हो।
ओपन स्कूल और प्राइवेट कैंडिडेट इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे। इन सभी के अलावा मेरिट में आने वाली छात्राओं को भी बराबर अवसर मिलेगा।
आवेदन कैसे करें?
इस योजना की खास बात यह है कि इसके लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं है। 10वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद CBSE की मेरिट लिस्ट के आधार पर सीधे टॉप 1200 छात्रों का चयन किया जाएगा। इसके बाद एक विशेष कार्यक्रम में लैपटॉप वितरित किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर स्कूल के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज मंगाए जा सकते हैं। सरकार का मानना है कि इस पहल से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और डिजिटल शिक्षा को मजबूती मिलेगी।











