Uttarakhand government: उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: अब 10वीं के अंकों से नहीं, परीक्षा से मिलेगी फ्री JEE-NEET कोचिंग

2 Min Read

Uttarakhand government:

देहरादून, एजेंसियां। उत्तराखंड सरकार ने सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्रों के लिए चल रही मुफ्त कोचिंग योजना में बड़ा बदलाव किया है। अब NEET, JEE Main और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कक्षा 10वीं के अंकों की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। छात्रों को अब प्रवेश परीक्षा (स्क्रीनिंग टेस्ट) के माध्यम से चुना जाएगा। इस परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर राज्यभर के 10,000 प्रतिभाशाली छात्रों को फ्री कोचिंग का मौका मिलेगा।

शिक्षा विभाग ने इस संशोधित प्रस्ताव को राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेज दिया है। पहले इस योजना में सामान्य वर्ग के लिए 75% अंक और आरक्षित वर्ग के लिए 65% अंक जरूरी थे। लेकिन अब यह शर्त हटाकर अधिक से अधिक छात्रों को अवसर देने का निर्णय लिया गया है।मुख्य सचिव के निर्देश पर संशोधित नियम बनाए गए हैं ताकि ऐसे छात्र भी योजना का हिस्सा बन सकें जिनके अंकों में थोड़ी कमी है लेकिन उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं को पास करने की क्षमता और लगन है।

कैसे होगा चयन?

नए नियमों के तहत चयन प्रक्रिया पूरी तरह से स्क्रीनिंग परीक्षा पर आधारित होगी। परीक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी और शीर्ष 10,000 छात्रों को कोचिंग दी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती के अनुसार, पहले चरण में JEE, NEET और CLAT की तैयारी कराई जाएगी।

दूसरे चरण में बढ़ेगा दायरा

योजना के दूसरे चरण में NDA, CAT, बैंकिंग, SSC जैसी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग को भी शामिल किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने कोचिंग एजेंसियों के चयन, टाइमटेबल और प्रशिक्षण सामग्री की रूपरेखा तैयार कर ली है। उद्देश्य है कि सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी निजी संस्थानों जैसी गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराई जा सके, ताकि वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इसे भी पढ़ें

सरकारी नौकरी: झारखंड सचिवालय में 455 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख आज

Share This Article
Exit mobile version