Naravane book leak
नई दिल्ली, एजेंसियां। पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आगामी और कथित रूप से अप्रकाशित पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के सोशल मीडिया पर लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल में एफआईआर दर्ज की गई है और पुस्तक के प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई प्री-प्रिंट कॉपी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन न्यूज फोरम पर यह जानकारी सामने आई थी कि पुस्तक की प्री-प्रिंट (टाइपसेट) पीडीएफ कॉपी इंटरनेट पर साझा की जा रही है। शुरुआती जांच में पाया गया कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ शीर्षक से एक टाइपसेट पीडीएफ कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध है, जो कथित तौर पर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा तैयार की गई प्रतीत होती है। इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर पुस्तक का फाइनल कवर भी इस तरह प्रदर्शित किया गया है, मानो किताब बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
पेंगुइन को भेजा गया नोटिस
स्पेशल सेल ने प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस भेजकर कई सवालों के जवाब मांगे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि पुस्तक की प्री-प्रिंट कॉपी ऑनलाइन कैसे पहुंची और इसमें किन व्यक्तियों या संस्थाओं की भूमिका हो सकती है।
गोपनीयता और कॉपीराइट उल्लंघन
पुलिस का कहना है कि यह मामला एक ऐसी पुस्तक के संभावित लीक या गोपनीयता उल्लंघन से जुड़ा है, जिसे अभी आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस प्रकरण में कॉपीराइट या अन्य कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच तथ्यों के आधार पर की जा रही है और विस्तृत पड़ताल के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















