Foods for constipation relief: कब्ज, गैस और कोलेस्ट्रॉल से राहत दिला सकते हैं रोजमर्रा के ये फूड्स

3 Min Read

Foods for constipation relief:

नई दिल्ली, एजेंसियां। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और प्रोसेस्ड फूड के बढ़ते चलन के बीच फाइबर हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व बन गया है। विशेषज्ञ फाइबर को ‘नेचुरल झाड़ू’ मानते हैं, क्योंकि यह पाचन तंत्र की सफाई करने और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। कब्ज, गैस, बदहजमी और पेट फूलने जैसी समस्याओं के पीछे अक्सर आहार में फाइबर की कमी एक बड़ी वजह होती है। अच्छी बात यह है कि फाइबर के लिए महंगे सप्लीमेंट्स लेने की जरूरत नहीं, बल्कि कुछ सस्ती और आसानी से मिलने वाली चीजें भी इस कमी को पूरा कर सकती हैं।

गाजर और मूली

गाजर और मूली फाइबर के बेहतरीन स्रोत हैं। गाजर में पेक्टिन नामक घुलनशील फाइबर पाया जाता है, जो आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को पोषण देता है। वहीं मूली में मौजूद रफेज पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है। इन्हें सलाद के रूप में कच्चा खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। नियमित सेवन से पुरानी कब्ज की समस्या में भी सुधार देखा जा सकता है।

ओट्स

ओट्स या जई घुलनशील फाइबर का समृद्ध स्रोत है। इसमें बीटा-ग्लूकन नामक फाइबर पाया जाता है, जो पेट में जेल जैसा पदार्थ बनाकर पाचन को धीमा करता है और लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास देता है। सुबह नाश्ते में ओट्स शामिल करने से न सिर्फ पाचन बेहतर होता है, बल्कि खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में भी मदद मिलती है। वजन घटाने की प्रक्रिया में भी यह सहायक माना जाता है।

अनार

अनार को अक्सर खून बढ़ाने वाला फल माना जाता है, लेकिन इसके दानों में भी अच्छी मात्रा में फाइबर मौजूद होता है। एक कप अनार के दानों में लगभग 7 ग्राम फाइबर पाया जाता है। जूस की बजाय दानों को चबाकर खाने से ज्यादा लाभ मिलता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आंतों की सूजन कम करने और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

फाइबर बढ़ाते समय रखें ये ध्यान

डाइट में फाइबर की मात्रा बढ़ाने के साथ पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, ताकि पाचन तंत्र सही तरीके से काम कर सके। नियमित रूप से गाजर, मूली, ओट्स और अनार को आहार में शामिल कर आप कम खर्च में बेहतर पाचन और समग्र स्वास्थ्य पा सकते हैं।

Share This Article