Flood havoc in Punjab:
चंडीगढ़,एजेंसियां। पंजाब में बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है और 23 जिलों के 1902 गांवों में हालात गंभीर हैं। बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 3.84 लाख से अधिक हो चुकी है। प्रशासन ने अब तक 20,972 लोगों को सुरक्षित निकाला है, जबकि 4.24 लाख एकड़ फसल डूब चुकी है। राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की 31 और सेना व अर्धसैनिक बल की 29 टुकड़ियां तैनात हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हर प्रभावित गांव में एक-एक गजटेड अफसर नियुक्त करने के आदेश दिए हैं ताकि पीड़ित सीधे प्रशासन तक अपनी समस्याएं पहुँचा सकें।
भाखड़ा डैम का जलस्तर खतरे के करीब:
हिमाचल में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से भाखड़ा डैम का जलस्तर 1679 फीट तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से महज एक फीट नीचे है। स्थिति को संभालने के लिए चारों फ्लड गेट खोल दिए गए, जिससे 85 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सतलुज दरिया के किनारे बसे गांवों में दहशत फैल गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।
लुधियाना में बांध कमजोर, सेना उतरी:
लुधियाना के ससराली कॉलोनी इलाके में सतलुज किनारे स्थित बांध कमजोर हो गया। स्थिति बिगड़ते ही सेना और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बांध को पक्का करने का काम शुरू कर दिया। लोगों को ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
पठानकोट में पहाड़ दरके:
लगातार बारिश से पठानकोट में पहाड़ दरकने की घटनाएं बढ़ गई हैं। शाहपुरकंडी डैम के पास और चक्की खड्ड इलाके में भारी मलबा गिरने से सड़कें बंद हो गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
केंद्र सरकार का जायजा:
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पानी में उतरकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब की मदद को लेकर गंभीर है। राज्य सरकार ने 2 हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज और केंद्र से बकाया 60 हजार करोड़ रुपये जारी करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें
Flood havoc in Pakistan: पाकिस्तान में बाढ़ का कहर, 15 लोग लापता, हजारों लोग प्रभावित








