Mathura family suicide
मथुरा, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह मामला महावन तहसील अंतर्गत ग्राम खप्परपुर का है। यहां 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय बेटे पंकज के शव घर के अंदर मिले। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर एक सुसाइड नोट बरामद
पुलिस के अनुसार, मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसके अलावा घर की दीवार पर यह लिखा हुआ पाया गया कि यह कदम स्वेच्छा से उठाया गया। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बताया गया है कि मनीष की शादी आठ साल पहले सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव से हुई थी। उनके दो भाई भी हैं, जो गांव में अलग-अलग घरों में रहते हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


















