Farmers benefits budget 2026: किसानों के लिए बड़ी सौगात: बजट में काजू-कोको उत्पादन और प्रोसेसिंग को बढ़ावा, निर्यात पर फोकस

3 Min Read

Farmers benefits budget 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। बजट में भारतीय काजू और कोको के लिए एक समर्पित कार्यक्रम की पेशकश की गई है। इसका उद्देश्य भारत को कच्चे काजू और कोको के उत्पादन व प्रसंस्करण में आत्मनिर्भर बनाना, निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और वर्ष 2030 तक भारतीय काजू व कोको को प्रीमियम वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करना है।

उद्यानिकी और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा

बजट में भारतीय चंदन इकोसिस्टम के गौरव को बहाल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच साझेदारी का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत केंद्रित खेती और कटाई के बाद प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, पुराने और कम उपज देने वाले बागानों के कायाकल्प तथा अखरोट, बादाम और खुमानी की उच्च घनत्व खेती को प्रोत्साहित करने के लिए अलग कार्यक्रम लाया जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़े और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो।

सबका साथ, सबका विकास पर जोर

वित्त मंत्री ने कहा कि बजट का तीसरा कर्तव्य हर परिवार, समुदाय और क्षेत्र को विकास में सार्थक भागीदारी का अवसर देना है। इसके लिए छोटे और सीमांत किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, उद्यमिता को प्रोत्साहन देने, दिव्यांगजनों को संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा पूर्वोदय राज्यों व पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मत्स्य पालन और पशुपालन में निवेश

किसानों की आय बढ़ाने के व्यापक लक्ष्य के तहत 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास, तटीय क्षेत्रों में मत्स्य मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने और महिला व स्टार्टअप समूहों को बाजार से जोड़ने के प्रावधान किए गए हैं। पशुपालन क्षेत्र में ऋण आधारित सब्सिडी, उद्यमों का आधुनिकीकरण, डेयरी-मुर्गीपालन की मूल्य श्रृंखला और पशुधन एफपीओ को बढ़ावा दिया जाएगा।

नारियल संवर्धन और एआई आधारित कृषि विस्तार

वित्त मंत्री ने नारियल संवर्धन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा नारियल उत्पादक है और लगभग 3 करोड़ लोग इससे जुड़े हैं। इसके अलावा ‘भारत-विस्तार’ नामक बहुभाषी एआई आधारित कृषि प्रणाली लॉन्च की जाएगी, जिससे किसानों को बेहतर सलाह, जोखिम में कमी और उत्पादकता में वृद्धि होगी।

Share This Article
Exit mobile version