Farmer brings coins to buy scooter:
जशपुर, एजेंसियां। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के केसरा गांव के किसान बजरंग राम भगत इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। वजह है उनकी बेटी चंपा के लिए की गई एक अनोखी और भावनात्मक पहल। दिवाली के मौके पर उन्होंने बेटी को स्कूटी गिफ्ट की लेकिन भुगतान सिक्कों में किया, जिसे देखकर शोरूम स्टाफ भी दंग रह गया।
बोरे में भरकर लाए 40 हजार रुपये के सिक्के
बजरंग राम भगत ने करीब 40 हजार रुपये के 10 और 20 रुपये के सिक्के बोरे में भरकर शोरूम पहुंचाए। बाकी रकम उन्होंने नोटों में चुकाई। स्कूटी खरीदते समय शोरूम के कर्मचारी और ग्राहक यह देखकर हैरान रह गए। सिक्कों की गिनती में करीब 3 घंटे का समय लगा, जिसमें पूरा स्टाफ जुटा रहा।
किसान की मेहनत और पिता का प्यार
बजरंग राम भगत एक साधारण किसान हैं। खेती-किसानी के अलावा वे गांव में अंडे और चने की छोटी दुकान चलाते हैं। उनकी आमदनी भले ही अधिक न हो, लेकिन उन्होंने ठान लिया था कि इस दिवाली पर बेटी को कुछ खास तोहफा देंगे।
बेटी चंपा लंबे समय से स्कूटी चाहती थी ताकि वह कॉलेज जा सके और घर के कामों में मदद कर सके। पिता ने उसकी ख्वाहिश पूरी करने के लिए 6 महीने तक लगातार मेहनत की और धीरे-धीरे हर दिन पैसे बचाकर लगभग 98,700 रुपये इकट्ठा कर लिए।
स्कूटी डिलीवरी के वक्त बेटी की चमकती मुस्कान
जब सिक्के गिने गए और स्कूटी की डिलीवरी हुई, तो चंपा की खुशी देखते ही बनती थी। वीडियो में वह अपने पिता के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रही है, जबकि शोरूम स्टाफ सिक्के गिनने में व्यस्त है।
चंपा ने कहा “अब मैं इस स्कूटी से कॉलेज जाऊंगी और घर के कामों में पापा की मदद करूंगी।”
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
इस भावनात्मक वीडियो को सोशल मीडिया पर हजारों लोग शेयर कर रहे हैं। यूजर्स किसान पिता की मेहनत, लगन और बेटी के प्रति प्रेम की तारीफ कर रहे हैं। लोग इसे “दिवाली का सबसे प्यारा गिफ्ट” बता रहे हैं।
इसे भी पढ़ें



















