Green Peas Halwa Recipe:
नई दिल्ली, एजेंसियां। अगर आप गाजर के हलवे से हटकर कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो मटर का हलवा एक बेहतरीन विकल्प है। हरी मटर से बना यह हलवा न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर माना जाता है। खास बात यह है कि इसे कम समय में आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है।
मटर का हलवा बनाने की विधि
मटर का हलवा बनाने के लिए ताजी हरी मटर, खोया, चीनी, देसी घी और ड्राई फ्रूट्स की जरूरत होती है। सबसे पहले हरी मटर को छीलकर उबाल लिया जाता है और फिर उन्हें अच्छी तरह मैश कर पेस्ट तैयार किया जाता है। इसके बाद पैन में देसी घी गर्म कर कटे हुए बादाम और पिस्ता को हल्का सुनहरा होने तक भून लिया जाता है। अब इसी पैन में मटर का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट तक भूनते हैं, जिससे मटर का कच्चापन खत्म हो जाए। इसके बाद इसमें चीनी मिलाकर लगातार चलाते हुए पकाया जाता है, जब तक हलवा गाढ़ा न हो जाए। आखिर में इलायची पाउडर मिलाकर हलवे की खुशबू और स्वाद को और बढ़ाया जाता है। जब हलवे से अच्छी खुशबू आने लगे, तो समझ लें कि मटर का हलवा तैयार है। ऊपर से बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे गार्निश किया जा सकता है। गर्मागर्म मटर का हलवा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।
मटर का हलवा सेहत के लिए फायदेमंद
सेहत के लिहाज से भी मटर का हलवा फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि मटर में प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। ऐसे में अगर आप मीठे में कुछ नया और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो मटर का हलवा जरूर ट्राई करें।
